उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेशवासियों के हित के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरूआत की है। इसी दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेशवासियों को सुविधा प्रदान करने हेतु एक महत्वपूर्ण पोर्टल लॉन्च किया है जिसका नाम है- उत्तर प्रदेश जनसुनवाई पोर्टल। यह पोर्टल उत्तर प्रदेश लोक शिकायत विभाग द्वारा संचालित है। इस पोर्टल के माध्यम से उत्तर प्रदेश का कोई भी निवासी प्रदेश सरकार से सीधे संपर्क कर सकता है और अपनी शिकायत सरकार तक पहुँचा सकता है। राज्य के जिन लोगों का किसी सरकारी विभाग, अधिकारी या भू-माफिया से संबंधित कोई कार्य बाधित हो रहा है तथा उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, तो वे जनसुनवाई पोर्टल (https://jansunwai.up.nic.in) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकते हैं। एक बार जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग समस्या का निवारण निर्धारित समय में करता है। अर्थात इस पर दर्ज की गई शिकायत पर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई आरंभ हो जाती है। जनसुनवाई पोर्टल का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति को बेहतर बनाना, विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करना तथा जनता के कामकाज से संबंधित विभागीय परेशानियों को दूर करना है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार का प्रयास है- प्रदेश में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगे और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता आए।
